कुल्हाड़ी लेकर घूम रहे युवक को लोगों ने पीटा:पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया, घायल ने पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप लगाया

कुल्हाड़ी लेकर घूम रहे युवक को लोगों ने पीटा:पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचाया, घायल ने पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप लगाया

कोटा के किशोरपुरा थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ कॉलोनीवासियों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल युवक की पहचान अनिल कटारिया (33) के रूप में हुई है। कॉलोनी में अनिल अपने घर में अकेला ही रहता है। घायल अनिल कटारिया ने आरोप लगाया कि उसके पड़ोसी पिछले कई वर्षों से उसे परेशान कर रहे हैं। उसका कहना है कि पड़ोसी हर 6-7 महीने में उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हैं और उसे पाबंद करवाते हैं। अनिल के अनुसार, वह अपने घर में जो भी करता है, उसमें पड़ोसियों को दखल नहीं देना चाहिए, लेकिन फिर भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। कल थाने में शिकायत देकर पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ मारपीट भी करवाई गई है। किशोरपुरा थाना अधिकारी भूरी सिंह ने बताया कि कल रात अनिल का व्यवहार असामान्य है और वह आए दिन मोहल्ले में विवाद करता रहता है। कभी वह लोगों के घरों पर पत्थर फेंकता है तो कभी बच्चों और बड़ों के साथ मारपीट करता है। पुलिस के अनुसार, हाल ही में वह पड़ोस के एक मकान में आग लगाने की कोशिश कर रहा था। अधिकारी ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन अनिल कुल्हाड़ी लेकर कॉलोनी में घूम रहा था और लोगों को गालियां दे रहा था, जिससे घबराकर कॉलोनीवासियों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस के पहुंचने तक वह मौके पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया है और मामले की जांच जारी है। साथ ही, पुलिस ने परिजनों से युवक का इलाज कराने की अपील भी की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *