कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति के आवास पर ड्रोन हमला, ईरान ने कहा- ये सब अमेरिका और इजरायल की साजिश है

कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति के आवास पर ड्रोन हमला, ईरान ने कहा- ये सब अमेरिका और इजरायल की साजिश है

Iran-Israel War: इराक के अर्द्धस्वायत्त उत्तरी कुर्द क्षेत्र के राष्ट्रपति नेचिरवान बारजानी के दोहोक स्थित आवास पर ड्रोन हमला हुआ है। हमले में संपत्ति को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ क्योंकि उस समय आवास खाली था। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इराकी पीएम ने हमले की निंदा की

इराकी प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने बारजानी को फोन कर इस हमले की कड़ी निंदा की और इसे जघन्य कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि संघीय और कुर्द सरकार की संयुक्त सुरक्षा टीम मामले की जांच करेगी। कुर्द क्षेत्र के उप प्रधानमंत्री कुबाद तालाबानी ने चेतावनी दी कि राज्य के नियंत्रण से बाहर सशस्त्र गुट देश की स्थिरता के लिए बढ़ता खतरा बन रहे हैं।

हमले के बाद मार्को रूबियो ने की पीएम मसरूर बारजानी से बात

गौरतलब है कि अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के प्रधानमंत्री मसरूर बारजानी से फोन पर बात की थी और इराक और कुर्दिस्तान से वैश्विक बाजारों तक तेल पहुंचाने में सहयोग के लिए आभार जताया था।

अमेरिका ने लगाया ईरान पर हमले का आरोप

अमेरिका ने दावा किया कि ईरान समर्थित मिलिशिया ने यह हमला किया, जबकि ईरान ने इसके जवाब में दावा किया कि यह अमेरिका-इजरायल द्वारा की गई हत्या की एक कोशिश थी। ईरानी सरकारी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इराक के कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति को निशाना बनाए जाने की कड़ी निंदा की है।

हमारे विश्वविद्यालय को टारगेट कर रहे इजरायली-अमेरिकी: ईरान

वहीं, ईरान ने अमेरिका और इजरयाल पर सिविल इलाकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिका और इजरायल पर ये आरोप लगाया है कि दोनों देश जानबूझकर विश्वविद्यालयों पर हमले कर रहे हैं।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने अमेरिका और इजरायल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने युद्ध के दौरान जानबूझकर कई विश्वविद्यालयों और रिसर्च सेंटर पर हमला किया। इन हमलों में इस्फहान यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी और तेहरान में यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *