हरदोई जिले की सवायजपुर विधानसभा के हरपालपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम खद्दीपुर राजा साहब के गढ़िया मजरा अन्तूपुरवा में एक लघु सेतु के निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस परियोजना के लिए लगभग 3 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि टेंडर सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस लघु सेतु के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वर्तमान में बरसात और बाढ़ के दौरान आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क मार्ग बाधित हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। पुल बनने के बाद दैनिक आवागमन सुगम होगा और आपातकालीन स्थितियों में भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। पुल निर्माण की स्वीकृति पर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया है। सामाजिक कार्यकर्ता महेश मिश्रा और पूर्व प्रधान सतीश अवस्थी सहित कई ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार जताया है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू के प्रयासों की भी सराहना की। ग्रामीणों के अनुसार, यह सेतु क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान प्रदान करेगा।


