उदयपुर की मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (सुविवि) में पढ़ने वाले हजारों स्टूडेंट्स एग्जाम का बदलाव हुआ है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अपनी परीक्षाओं के टाइम टेबल में अचानक बड़ा बदलाव कर दिया है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए सुविवि ने 6 अप्रैल को होने वाली अपनी सभी परीक्षाओं को फिलहाल स्थगित कर दिया है। अब ये परीक्षाएं 6 अप्रैल के बजाय अलग-अलग नई तारीखों पर आयोजित की जाएंगी। यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश कुमार बारबर ने बताया कि इस फैसले की जानकारी यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इसके अलावा स्टूडेंट्स को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए उन्हें एसएमएस के जरिए भी सूचना भेजी जा रही है। प्रशासन ने साफ किया है कि 6 अप्रैल को होने वाली वार्षिक और सेमेस्टर पद्धति की सभी परीक्षाएं अब नए संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी। स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वे अपनी नई तारीखें अच्छे से चेक कर लें ताकि परीक्षा केंद्र पर कोई गड़बड़ न हो। एमकॉम के लीक हुए पेपर की डेट भी बदली
इस पूरे घटनाक्रम के बीच एमकॉम (बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन) के पेपर को लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, यूनिवर्सिटी में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया था। एलएलबी प्रथम वर्ष की परीक्षा चल रही थी और वहां मौजूद स्टाफ ने गलती से छात्रों को एमकॉम का प्रश्नपत्र बांट दिया। इसके बाद यह पेपर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा और हर तरफ पेपर लीक होने की चर्चाएं शुरू हो गई। सोशल मीडिया पर मचे हंगामे के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आनन-फानन में एमकॉम बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा की तारीख बदल दी। हालांकि, मजेदार बात यह है कि यूनिवर्सिटी ने अपने आधिकारिक आदेश में ‘पेपर लीक’ शब्द का कहीं भी जिक्र नहीं किया है। प्रशासन का कहना है कि तारीख में यह बदलाव केवल प्रशासनिक कारणों और प्रतियोगी परीक्षाओं के टकराव की वजह से किया गया है। लेकिन छात्र इसे सीधे तौर पर पेपर लीक के मामले से जोड़कर देख रहे हैं। एमकॉम की ये परीक्षाएं पहले 19 मार्च से शुरू होकर 17 अप्रैल तक चलनी थी। इसी कड़ी में 6 अप्रैल को लिखित संचार विषय का पेपर होना था, जिसकी तारीख अब बदल गई है। यूनिवर्सिटी में एलएलबी के उपभोक्ता संरक्षण एवं अपकृत्य कानून का पेपर 1 मई को आयोजित होगा। वहीं बीबीए उद्यमिता से संबंधित परीक्षा 13 अप्रैल को होगी। बीए (सीबीसीएस) छठे सेमेस्टर के मनोविज्ञान, इतिहास और हिंदी जैसे विषयों के कई प्रश्नपत्र अब 28 अप्रैल को होंगे। इसी दिन बीए पत्रकारिता और जनसंचार से जुड़े विषयों की परीक्षा भी है। एमकॉम (व्यवसाय प्रशासन और एबीएसटी) की कुछ परीक्षाएं 13 अप्रैल और 20 अप्रैल को होंगी। एमबीए, एमएससी गणित और अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 8 अप्रैल और 10 अप्रैल को करवाई जाएंगी।


