कुश्ती का दंगल देखने पहुंचे मंत्री किरोड़ीलाल, पहलवानों ने दिखाया दांव पेंचों का कमाल

कुश्ती का दंगल देखने पहुंचे मंत्री किरोड़ीलाल, पहलवानों ने दिखाया दांव पेंचों का कमाल

सपोटरा. क्षेत्र के प्रसिद्ध आस्थाधाम बरबासन देवी धाम में शनिवार को आयोजित कुश्ती दंगल में विभिन्न स्थानों से आए पहलवानों ने जीत के लिए खूब दमखम दिखाया। पहलवानों ने कुश्ती के दावपेंच दिखाकर दर्शकों को मुग्ध कर दिया। कुश्ती दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और जोश से भर गया।
इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एवं क्षेत्रीय विधायक हंसराज मीणा ने भी शिरकत कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दंगल के मुकाबलों को देखा और पहलवानों की हौसलाफजाई की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने मां बरबासन देवी के दर्शन कर धोक लगाई और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की।
पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति की पहचान- डॉ किरोड़ीलाल: दंगल में कुल करीब 70 कुश्तियां कराई गईं, जिनमें विभिन्न में पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने अपने दांवपेंच, ताकत और फुर्ती का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। हर मुकाबले पर दर्शकों की तालियों और जयकारों से माहौल गूंज उठा। दंगल की आखिरी और सबसे रोमांचक कुश्ती उमेश पहलवान पानीपत एवं महेश पहलवान के बीच हुई, जिसमें दोनों पहलवानों ने जबरदस्त मुकाबला करते हुए बराबरी पर कुश्ती रही। इस पर निर्णायकों ने दोनों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर बराबर का खिताब प्रदान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति की पहचान हैं, जिन्हें बढ़ावा देना जरूरी है। वहीं विधायक हंसराज मीणा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *