पाटण में आधुनिक बस पोर्ट का उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया लोकार्पण

पाटण में आधुनिक बस पोर्ट का उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया लोकार्पण

पाटण. उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने गुजरात राज्य मार्ग परिवहन निगम (एसटी) तथा मेसर्स कतीरा कंस्ट्रक्शन पाटण प्रा. लि. की ओर से पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत पाटण में निर्मित आधुनिक बस पोर्ट का लोकार्पण किया।
संघवी ने फीता काटकर पाटण के इस आइकोनिक बस पोर्ट की पट्टिका का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने पाटण जिले को तीन नई एसी बसें देने की घोषणा भी की। बस पोर्ट के लोकार्पण के बाद वे नगरदेवी कालिका माता के मंदिर पहुंचे, उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

पीएम के सर्वांगीण विकास के संकल्प का जीवंत उदाहरण

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया है और राज्य के प्रत्येक कोने तक सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। पाटण का यह नया बस पोर्ट उसी संकल्प का जीवंत उदाहरण है।

स्वच्छता बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी

संघवी ने कहा कि यहां से प्रतिदिन कुल 850 आगमन और प्रस्थान के साथ बसों का संचालन शुरू होने से 20 हजार से अधिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह बस पोर्ट केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि पाटण की नई पहचान और गौरव का प्रतीक है। इस आधुनिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए स्वच्छता बनाए रखना हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। कूड़े को कूड़ेदान में डालकर हम इस सुविधा को और अधिक सुंदर और व्यवस्थित बना सकते हैं।

राज्य में अगले साल तक 30 लाख यात्रियों को एसटी की सुविधा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 तक प्रतिदिन 30 लाख यात्रियों को एस.टी. सेवा उपलब्ध कराने के दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
रानी की वाव में 3डी मैपिंग शो का लोकार्पण 31 को
संघवी ने कहा कि आगामी 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं, जहां विश्वप्रसिद्ध रानी की वाव में 3डी मैपिंग शो का लोकार्पण होगा। यह आयोजन पाटण की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।

विकास के नए अध्याय की शुरुआत : ठाकोर

खादी राज्यमंत्री स्वरूपजी ठाकोर ने कहा कि पाटण में नए बस पोर्ट का लोकार्पण केवल एक इमारत का उद्घाटन नहीं, बल्कि लोगों की सुख-सुविधा और विकास के नए अध्याय की शुरुआत है। यह आधुनिक सुविधा लाखों यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का भरोसा देगी और पाटण को नई पहचान दिलाएगी।

17 करोड़ की लागत

ठाकोर ने कहा कि यह नया बस पोर्ट लगभग 15,974 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है और लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हुआ है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस बसपोर्ट में यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *