मेरठ में बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या, हमलावर ने घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

मेरठ में बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या, हमलावर ने घर में घुसकर वारदात को दिया अंजाम

मेरठ के एक गांव में शनिवार शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां छुट्टी पर घर आए बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर घर में घुसा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच में जुटी है।

मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में शनिवार देर शाम एक बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नैन सिंह के रूप में हुई है। जो सीमा सुरक्षा बल में कांस्टेबल थे। इस समय उनकी तैनाती पश्चिम बंगाल में थी। वह 6 मार्च को छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। 2 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर जाने वाले थे। घटना के वक्त नैन सिंह घर में सो रहे थे। परिवार के ज्यादातर सदस्य घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी कोमल अपने दोनों बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। मां भी रिश्तेदारी में गई थीं। जबकि पिता खेत पर और छोटा भाई अपने काम पर बाहर था। घर में केवल उनकी भाभी मौजूद थीं।

सोते समय जवान को मारी गोली

इसी दौरान एक युवक घर में घुस आया और सो रहे नैन सिंह को गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। गांव में इस घटना के बाद से शोक और आक्रोश का माहौल है।

तीन आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर की पूछताछ

गांव वालों के मुताबिक, नैन सिंह की गांव के ही एक युवक से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। तीन दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। और घटना वाले दिन भी विवाद हुआ था। इसके बाद नैन सिंह घर लौटकर सो गए थे। तभी यह हमला हुआ। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है। और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *