पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को TMC अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला और कई गंभीर आरोप लगाए। धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से एक ऐसी सरकार सत्ता में है जिसने घुसपैठ, राजनीतिक हिंसा, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को न केवल संरक्षण दिया, बल्कि उसे व्यवस्था का हिस्सा बना दिया। उन्होंने लिखा- ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस का शासन भय, अराजकता और अविश्वास का पर्याय बन चुका है।
TMC सरकार से जनता का भरोसा उठ गया
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार से जनता का भरोसा पूरी तरह टूट चुका है। यह चुनाव सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा का प्रश्न है। बंगाल की सीमाएं देश की सुरक्षा से सीधी जुड़ी हैं। पश्चिम बंगाल की विफल नीतियों ने इस चुनौती को और गंभीर बना दिया है। धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा कि सोनार बांग्ला के नाम पर सिंडिकेट, कटमनी और भ्रष्टाचार वाले कुशासन राज में जनता के साथ छल किया गया है।
महिला अपराध, बेरोजगारी और बदहाली पश्चिम बंगाल की पहचान
धर्मेंद्र प्रधान ने महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सेवाओं की बदहाली पर भी ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, बेरोजगार युवा, बदहाल किसान, चरमराती स्वास्थ्य व्यवस्था और गिरता शिक्षा स्तर, हर क्षेत्र में विफलता ही बंगाल की पहचान बनती जा रही है। TMC के राज में अव्यवस्था, अराजकता और आर्थिक पतन ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है। इसी सच्चाई को सामने रखते हुए आज कोलकाता में गृहमंत्री अमित शाह ने श्वेत पत्र जारी किया। यह बंगाल की जनता के आक्रोश, पीड़ा और परिवर्तन के दृढ़ संकल्प की सशक्त अभिव्यक्ति है।
कल ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर लगाए थे गंभीर आरोप
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 की वजह सियासी माहौल गर्म है। इस चुनावी माहौल में राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। TMC सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरूवार को पांडबेश्वर में चुनावी सभा के दौरान केंद्र सरकार पर जमकर भड़ास निकाली। ममता ने पीएम मोदी की संसद में COVID-19 की स्थिति के बारे में की गई टिप्पणी का हवाला दिया। ममता ने कहा कि मोदी सरकार एक बार फिर देश की जनता को कतारों में खड़ा होने पर मजबूर करने की तैयारी कर रही है। ये लोग झूठ के सिवा कुछ नहीं बोलते और लूट-खसोट के सिवा कुछ नहीं करते हैं। अगर ये चाहें तो लॉकडाउन लगा दें, मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है। हमने पहले भी COVID-19 के खिलाफ लड़ाई लड़ी है और हम फिर से लड़ने के लिए तैयार हैं।


