सदर थाना क्षेत्र के बोरवट गांव में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक के पीछे बैठे युवक के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे एक बड़ा हादसा होने के बावजूद उसकी जान बच गई। पुलिस ने मृतक के शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। सिर फटने से मौके पर ही बहा खून जानकारी के अनुसार, बागीदौरा निवासी जितेंद्र पुत्र कोदरलाल कटारा और मयूर पुत्र हामेंग बुनकर उम्र 25 साल शहर आए थे। शाम करीब 5 बजे जैसे ही वे बोरवट गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मयूर का सिर फट गया और सड़क पर काफी खून बह गया। ’हेलमेट की वजह से मैं बच गया’ हादसे के बाद घायल जितेंद्र ने बताया कि उसने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण ट्रक की चपेट में आने और सड़क पर गिरने के बाद भी वह सुरक्षित रहा। वहीं, पीछे बैठे मयूर के सिर पर गंभीर चोट लगी। उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक फरार, पुलिस ने कराई नाकाबंदी दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को पकड़ने के लिए इलाके में नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन फिलहाल ट्रक का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने मयूर के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


