जयपुर में तेज रफ्तार का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात वैशाली नगर इलाके में ओवरस्पीड महिंद्रा थार जीप ने एक रेपिडो बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। यह हादसा रात करीब 9:36 बजे वीटी रोड पर जूडियो के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, वैशाली नगर निवासी अर्पित खंडेलवाल (28) ऑफिस से घर जाने के लिए रेपिडो बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक जैसे ही यू-टर्न ले रही थी, पीछे से तेज रफ्तार थार जीप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर पीछे बैठे अर्पित उछलकर दूर जा गिरे और चोटिल हो गए, जबकि बाइक चला रहे रेपिडो राइडर का पैर फ्रैक्चर हो गया। रेपिडो राइडर का पैर फ्रैक्चर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अर्पित को छुट्टी दे दी गई, जबकि पैर फ्रैक्चर होने के कारण रेपिडो राइडर को एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। आरोपी फरार, तलाश जारी
हादसे के बाद थार जीप का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। एक्सीडेंट थाना (साउथ) पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह ओवरस्पीड और लापरवाही मानी जा रही है।


