Crime News: आजमगढ़ जनपद में अपराध एवं नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायमीर थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने संजरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर एक ऑटो से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से अवैध हेरोइन के साथ धारदार हथियार भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ऑटो में सवार दो व्यक्ति हेरोइन लेकर संजरपुर की ओर आ रहे हैं और किसी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की और ऑटो को रोकने का प्रयास किया। भागने की कोशिश के दौरान वाहन बंद हो गया, जिससे पुलिस ने दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
जानिए कौन कौन है शामिल
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम मो. बेलाल और अतिकुर्रहमान बताए, जो थाना निजामाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी में उनके पास से 12.45 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। वहीं ऑटो की जांच के दौरान एक बोरी से चार चापड़, चार चाकू और दो मस्तरा भी बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद औजारों का उपयोग गोवंशीय पशुओं के अवैध वध में किया जाता था। दोनों के खिलाफ थाना सरायमीर में मुकदमा संख्या 84/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और आयुध अधिनियम की धारा 4/25 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक के साथ कांस्टेबल आलोक शुक्ला और सौरभ पाण्डेय की भी अहम भूमिका रही।


