दतिया में पुरानी रंजिश में युवक पर फायरिंग:मां-बहन से मारपीट, पिस्टल लहराते दबंग फरार; तीन घायल

दतिया में पुरानी रंजिश में युवक पर फायरिंग:मां-बहन से मारपीट, पिस्टल लहराते दबंग फरार; तीन घायल

दतिया में कोतवाली थाना अंतर्गत दिनारा रोड स्थित नंदनी स्कूल के पास शुक्रवार रात दबंगों की हिंसक वारदात सामने आई। पुरानी रंजिश के चलते दो आरोपियों ने 18 वर्षीय युवक पर फायरिंग कर दी और बीच-बचाव करने आई उसकी मां और बहन के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। घटना में तीनों घायल हो गए और पूरी घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है, जिसमें आरोपी मारपीट करता और पिस्टल लहराता साफ दिखाई दे रहा है। नंदनी स्कूल के पीछे रहने वाले अनुज उर्फ अन्नू सहरिया ने बताया कि वह रात करीब 9 बजे पड़ोसी के दरवाजे पर बैठा था। तभी राम यादव वहां पहुंचा और जातिसूचक गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पिस्टल निकालकर हवा में दो फायर किए। शोर सुनकर उसकी मां जामवती और बहन सुनिता मौके पर पहुंचीं तो आरोपी ने अपने साथी राजा परमार को बुला लिया। बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा
आरोप है कि दोनों ने मिलकर अनुज के साथ मारपीट की। गुम्मे से सिर, आंख और हाथ पर वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे जमीन पर गिराकर बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा गया, जिससे पीठ और कमर में भी चोट आई। बीच-बचाव करने आई बहन सुनिता पर भी गुम्मे से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई। मां जामवती के सिर पर भी वार कर घायल कर दिया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने लात-घूंसों से मां-बेटी को पीटा। गोली सिर के पास से निकल गई
पीड़ित के मुताबिक, जब वह बचाने गया तो राम यादव ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायर किया। लेकिन वह झुक गया, जिससे गोली सिर के पास से निकल गई। एक और फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो परिजनों ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। सूचना पर डायल-112 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *