एटा पुलिस ने एक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए किराएदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मकान मालिक के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुराए थे। पुलिस ने चोरी किए गए साढ़े चार लाख रुपये के आभूषण बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया है। यह घटना एटा जिले के पटियाली गेट चौकी के पास बापू विद्या मंदिर के पास हुई। बीते 5 मार्च को मकान मालिक का परिवार तीर्थ यात्रा पर निकला था। परिवार के सदस्य 11 मार्च को वापस लौटे तो उन्होंने घर में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवर गायब पाए। पुलिस कर रही मामले की जांच पीड़ित परिवार ने किराएदार पर ही चोरी का शक जताते हुए कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र कुमार पुत्र अशोक कुमार, निवासी कृष्णा नगर, पीपल अड्डा को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक हार, एक जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी टॉप्स, दो अंगूठी, दो चेन, एक जोड़े पाजेब और बच्चे के खड़ुआ बरामद किए गए। सीओ सिटी कृतिका सिंह ने बताया कि अर्पित उर्फ गोपाल का परिवार पूर्णागिरी और अन्य तीर्थ स्थलों की यात्रा पर गया था। 11 मार्च को लौटने पर उन्हें मुख्य द्वार का ताला खुला मिला और घर के अंदर अलमारी से महंगे आभूषण गायब थे।पीड़ितों द्वारा किराएदार पर संदेह जताए जाने के बाद, पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस ने सीसीटीवी चेक किए स्वाट टीम को लगाया गया और आरोपी की निगरानी की गई। सुनारों की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जिसमें आरोपी सोने के सामान का लेन देन करते हुए दिखा। जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह चोरी का माल था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए गए माल को साढ़े चार लाख रुपये में गिरवी रखा गया था। इस मामले के खुलासे में ‘यक्ष ऐप’ से भी मदद मिली। पुलिस ने आरोपी स्वतंत्र कुमार को आवास विकास कॉलोनी के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


