‘पापा कहते हैं, बेटा बड़ा नाम करेगा..’, गाने पर पिता संग झूमे IPS केके बिश्नोई, कल IPS अंशिका वर्मा संग रचाएंगे शादी

‘पापा कहते हैं, बेटा बड़ा नाम करेगा..’, गाने पर पिता संग झूमे IPS केके बिश्नोई, कल IPS अंशिका वर्मा संग रचाएंगे शादी

बाड़मेर। जिले के रहने वाले आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार (केके) बिश्नोई और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा 29 मार्च को जोधपुर में विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल शादी से पहले बाड़मेर के धोरीमना स्थित बिश्नोई के पैतृक गांव में शादी की रस्में शुरू हो चुकी हैं और पूरा गांव उत्सव के रंग में रंगा हुआ है।

शुक्रवार को धोरीमना में हल्दी की रस्म बड़े धूमधाम से संपन्न हुई। इस दौरान परिवार और रिश्तेदारों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। हल्दी समारोह के बाद देर रात तक गीत-संगीत का कार्यक्रम चला, जिसमें आईपीएस केके बिश्नोई ने अपने पिता के साथ मशहूर फिल्मी गीत ‘पापा कहते हैं, बेटा बड़ा नाम करेगा..’ पर जमकर डांस किया। इस खास पल को देखने के लिए मौजूद लोग भी काफी उत्साहित नजर आए।

संभल में तैनात हैं केके बिश्नोई

दरअसल, केके बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और फिलहाल उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत हैं। वहीं अंशिका वर्मा 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बरेली में एसपी के पद पर तैनात हैं। दोनों अधिकारियों की पहली मुलाकात उत्तर प्रदेश में पोस्टिंग के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्रेम में बदल गया।

रंग-बिरंगी रोशनी से सजा घर

शादी से पहले शुक्रवार रात करीब आठ बजे केके बिश्नोई अपने पैतृक गांव धोरीमना पहुंचे, जहां साफा और फूलमालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने गांव के मंदिर और अपने घर के मंदिर में माता के साथ पूजा-अर्चना की। घर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय दिखाई दे रहा है।

अंशिका वर्मा के घर भी हल्दी की रस्म

दूसरी ओर अंशिका वर्मा की हल्दी की रस्म प्रयागराज में आयोजित की गई। उन्होंने हाल ही में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्री-वेडिंग फोटो भी साझा की हैं, जिनमें दोनों पारंपरिक परिधानों में नजर आ रहे हैं।

कल निकलेगी बारात

जानकारी के अनुसार 29 मार्च को सुबह केके बिश्नोई अपने गांव से बारात लेकर जोधपुर के लिए रवाना होंगे, जहां होटल अजीत भवन में विवाह समारोह आयोजित होगा। इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के लहरिया रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें कई वीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। दोनों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी विवाह का निमंत्रण भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *