मथुरा में सड़क हादसे में युवक की मौत:टेंपो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था

मथुरा में सड़क हादसे में युवक की मौत:टेंपो ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था

मथुरा के थाना राया क्षेत्र में जयपुर-बरेली हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक हाथरस के गांव नबीपुर, थाना मुरसान निवासी महावीर सिंह का पुत्र था। जानकारी के अनुसार, रोहित कुमार अपने बहनोई की बाइक लौटाने के लिए अपने गांव नबीपुर से मथुरा आ रहा था। रात करीब 11:30 बजे राया कट के समीप एक तेज रफ्तार टेंपो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर थाना राया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद शनिवार दोपहर करीब 2 बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रोहित पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस को तहरीर मिलने पर अज्ञात टेंपो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *