अनूपपुर के दुलहरा अंतर्गत ग्राम कांसा में शनिवार दोपहर शासकीय उचित मूल्य दुकान में आग लग गई। ग्रामीणों और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस घटना में करीब 125-150 खाली बोरियां और एक कुर्सी जल गईं, हालांकि दुकान में रखा लगभग 40 बोरी अनाज सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति पैक्स दुलहरा के तहत ग्राम कांसा में हुई। आग लगने के बाद दुकान से धुएं का गुबार उठने लगा। ग्रामीणों ने तत्काल विक्रेता राकेश पटेल, चौकीदार और डायल 112 को सूचना दी। विक्रेता राकेश पटेल मौके पर पहुंचे और ताला खोलकर खाली बोरियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पाइप और पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने में मदद की। बाद में दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। अनूपपुर फायर ब्रिगेड के चालक शिव मोहन सिंह ने बताया कि आगजनी में 125 से 150 खाली बोरियां जल गईं। विक्रेता राकेश पटेल ने बताया कि तीन दिन पहले ही अनाज का वितरण कार्य पूरा हुआ था। दुकान में खाली बोरियों के साथ दूसरे कमरे में 20-20 बोरी अनाज (कुल 40 बोरी) शेष बचा हुआ था, जिसे सुरक्षित बचा लिया गया। आग में केवल खाली बोरियां और कुर्सी ही जली है। उचित मूल्य की दुकान के पीछे तालाब है, जहां कचरा फैला हुआ है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि किसी ने बीड़ी पीकर कचरे की ओर फेंका होगा। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें दुकान की खिड़की/रोशनदान तक पहुंच गईं और अंदर रखी खाली बोरियों को अपनी चपेट में ले लिया। दुलहरा समिति पैक्स प्रबंधक मनोज विश्वकर्मा ने घटनास्थल का दौरा किया और विक्रेता राकेश पटेल को जले हुए सामानों की पंचनामा सूची बनाने की सलाह दी।


