बलिया के बैरिया क्षेत्र स्थित बाबा लक्ष्मण दास राष्ट्रीय इंटर कॉलेज प्रांगण में शनिवार को विशाल रोजगार महोत्सव का शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन मुख्य अतिथि निर्भय नारायण सिंह ने 96 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र मिलने से युवाओं में उत्साह दिखा। इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने सराहना की और इसे क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल कंपनियों सहित विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने मौके पर ही साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया, जिससे युवाओं को तत्काल रोजगार के अवसर मिले। मुख्य अतिथि निर्भय नारायण सिंह ने अपने संबोधन में बेरोजगारी को एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि सही दिशा और अवसर मिलने पर युवा अपनी प्रतिभा से लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने इस महोत्सव को ‘हर हाथ को काम, हर नौजवान को सम्मान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया और ऐसे आयोजनों को जारी रखने का आश्वासन दिया। आयोजकों ने युवाओं से अपील की है कि वे 29 मार्च को भी आयोजित होने वाले इस महोत्सव में भाग लेकर रोजगार के इस अवसर का लाभ उठाएं।


