IPL के 19वें सीजन का आज पहला मैच है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगे। मैच बेंगलुरु के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। SRH की कप्तानी ईशान किशन करेंगे। पैट कमिंस के चोटिल होने की वजह से उन्हें SRH की कप्तानी सौंपी गई है। IPL के इतिहास में वे पहली बार किसी टीम के लिए कप्तानी नजर आएंगे। इसके साथ ही ईशान किशन हैदराबाद के सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए हैं। वे 27 साल 253 दिन के हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम था, जिन्होंने 2018 में 27 साल 244 दिन की उम्र में टीम की कप्तानी की थी। वहीं RCB की कप्तानी रजत पाटीदार करेंगे। आज के मुकाबले में विराट कोहली और ईशान किशन के बीच दिलचस्प टक्कर देखने को मिल सकती है। RCB ने पिछले सीजन पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला IPL खिताब जीता था। वहीं, हैदराबाद की टीम पिछली बार प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी थी और छठे स्थान पर रही थी। ईशान किशन और रजत पाटीदार की टक्कर SRH के रेगुलर कैप्टन पैट कमिंस के शुरुआती मैचों से बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी ने उनकी जगह ईशान किशन को कप्तानी सौंपी है। कमिंस अपनी कमर की चोट से उबर रहे हैं। वे IPL का सेकेंड हाफ टारगेट कर रहे हैं, यानी वे 6 से 8 मैच मिस कर सकते हैं। ईशान से पहले शिखर धवन, भुवनेश्वर कुमार और मनीष पांडे जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ी भी हैदराबाद की कप्तानी कर चुके हैं लेकिन ईशान ने उम्र के मामले में इन सबको पीछे छोड़ दिया है। आईपीएल 2025 से पहले हुए मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को 11.25 करोड़ रुपए में ख़रीदा था। फ्रेंचाइजी ने उन्हें IPL 2026 से पहले रिटेन किया था। ईशान ने अपनी कप्तानी में झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025-26 का खिताब जिताया था। ऐसे में सभी की निगाहें आज ईशान पर रहेंगी। आज ईशान किशन और विराट कोहली की टक्कर देखने को मिलेगी। ईशान किशन ने टी-20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास आईपीएल 2025 में ईशान ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेब्यू मैच में शतक जड़ा था। ईशान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दम पर टी-20 वर्ल्ड कप 2026 स्क्वॉड में जगह पाई थी और शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में ईशान किशन ने इतिहास रच दिया था। वो भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए, जिसने टी-20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में 250 या इससे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 8वें ओवर की तीसरी गेंद में छक्का मारकर यह आंकड़ा पार किया। हेड कोच बोले- ईशान में कॉन्फिडेंस है ईशान किशन को कैप्टन बनाए जाने पर टीम के हेड कोच डेनियल विटोरी ने भरोसा जताया है। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में विटोरी ने कहा, ‘मैनेजमेंट को ईशान को यह जिम्मेदारी सौंपने में कोई हिचकिचाहट नहीं हुई। ईशान लंबे समय से आईपीएल का हिस्सा रहे हैं और कई टीमों के साथ सफल रहे हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में अंडर-19 टीम और अपनी स्टेट टीम को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई है।’ अब जानिए SRH और RCB में कौन कितना स्ट्रॉन्ग SRH ने RCB के खिलाफ 52% मैच जीते RCB और SRH के बीच अब तक 25 मुकाबले खेले गए। इसमें से 13 मैच हैदराबाद ने जीते, जबकि 11 मुकाबलों में बेंगलुरु को जीत मिली। मुकाबला टाई रहा, जिसे SRH ने सुपर ओवर में अपने नाम किया था। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों का 8 बार सामना हुआ। इसमें 5 बार RCB और 3 बार SRH को जीत मिली। RCB तीनों डिपार्टमेंट में बैलेंस्ड बेंगलुरु की टीम बैटिंग, बॉलिंग और ऑलराउंडर तीनों मोर्चे में बैलेंस्ड है। बैटिंग में विराट कोहली और फिल सॉल्ट जैसे शानदार ओपनर हैं। वहीं, देवदत्त पडिक्कल के लिए घरेलू सीजन कमाल का रहा है। पडिक्कल या वेंकटेश अय्यर इस बार नंबर तीन पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं। मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड और जितेश शर्मा ने भी IPL 2025 में अपनी आतिशी बल्लेबाजी से खासा प्रभावित किया था। वहीं, रोमारियो शेफर्ड और क्रुणाल पांड्या से इस सीजन भी टीम को धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वेंकटेश अय्यर के आने से टीम का बैटिंग ऑर्डर अब और भी ज्यादा संतुलित दिख रहा है। जोश हेजलवुड की गैरमौजूदगी में भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम और जैकब डफी अहम बॉलर होंगे। SRH का टॉप ऑर्डर मजबूत हैदराबाद एक बार फिर अपने टॉप ऑर्डर पर निर्भर होगी। अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और ईशान किशन से हैदराबाद को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान शुरुआती मुकाबलों में कप्तानी करते नजर आएंगे। हेनरिक क्लासन पिछले सीजन टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। फिनिशर के तौर पर अनिकेत वर्मा ने IPL 2025 में प्रभावित किया था। नीतीश रेड्डी और लियम लिविंगस्टन से भी हैदराबाद टीम को काफी उम्मीदें होंगी। टीम का बॉलिंग यूनिट कमजोर नजर आ रहा है। कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान मलिंगा, हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट तेज गेंदबाजी अटैक की कमान संभालेंगे।
IPL 2026; SRH की कमान संभालेंगे पटना के ईशान किशन:पैट कमिंस के चोटिल होने पर मिली कप्तानी; आज बेंगलुरु से मुकाबला, सामने होंगे विराट कोहली


