हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के भुंतर में फर्जी पुलिस बनकर लोगों को डराने और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। एक युवक ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर नेपाली मूल के व्यक्ति को डराया और उसे सुनसान जगह ले जाकर ₹5000 लूट लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 26 मार्च की है। सैनिक चौक भुंतर के पास स्कूटी सवार युवक हेलमेट पहनकर आया और वहां खड़े नेपाली मजदूर दिले राम को रोक लिया। आरोपी ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उसे चोरी के मामले में फंसाने की धमकी दी और जबरन अपनी स्कूटी पर बैठा लिया। सुनसान जगह ले जाकर लूट इसके बाद आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गया। पीड़ित ने तबीयत खराब होने की बात भी कही, लेकिन आरोपी उसे थाने ले जाने की धमकी देता रहा। एकांत में पहुंचकर आरोपी ने उसकी तलाशी ली और जेब में रखे ₹5000 नकद निकाल लिए। वारदात के बाद आरोपी यह कहकर फरार हो गया कि वह ‘बड़े अधिकारी’ को लेकर आ रहा है। 27 मार्च को पुलिस के पास पहुंचा पीड़िता काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब कोई नहीं लौटा, तो पीड़ित को अपने साथ हुई लूट का एहसास हुआ। अगले दिन 27 मार्च को दिले राम ने भुंतर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने कुल्लू के मोहित शर्मा को गिरफ्तार किया पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी मोहित शर्मा (34), निवासी ढालपुर, कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार लूटी गई राशि और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की बरामदगी अभी बाकी है। मामले की जांच जारी है।


