Jhalawar Road Railway Overbridge: बारां जिले में पिछले कई सालों से हिचकोले खाते चल रहे झालावाड़ रोड रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का काम अब अंतिम चरण में है। झालावाड़ रोड तेल फैक्ट्री क्षेत्र से दीनदयाल पार्क तक एक छोर से दूसरी तक डामरीकरण का कार्य एक पखवाड़े में पूरा हो जाएगा।
इसके अलावा खजूरपुरा तिराहे से चारमूर्ति चौराहे की तरफ के हिस्से का काम भी शुरू कर दिया गया है। पिछले कई दिनों से यह काम पाइप लाइन आने की वजह से रुका हुआ था। अब पाइप लाइन शिफ्टिंग होने के साथ काम शुरू करा दिया गया है।
इसलिए रुका था काम
कार्यकारी एजेंसी आरएसआरडीसी के सूत्रों के अनुसार खजूरपुरा से चारमूर्ति वाले हिस्से में काफी पहले खुदाई शुरू करा दी गई थी लेकिन आरई वॉल के अलाइमेंट में पीएचईडी की राइजिंग लाइन आ गई। ऐसे में काम रोकना पड़ा था। उसके बाद लाइन शिफिटंग के लिए निविदा निकालने, काम कराने में एक-डेढ़ महीना लग गया। अब लाइन शिफ्ट हो गई है। ऐसे में खजूरपुरा से चारमूर्ति वाले हिस्से में आगे का काम शुरू करा दिया गया है।
अभी इतना समय और लगेगा
सूत्रों के अनुसार खजूरपुरा से लेकर पेट्रोल पम्प के पास तक करीब 35 मीटर लम्बाई व टू लेन चौड़ाई में एप्रोच बनेगी। खोदी हुई सड़क पर पैनल का काम होगा। उसके बाद सॉइल फिलिंग होगी। सॉइल का काम लेयरवाइज होना है। यह सारा काम अप्रेल अंत तक पूरा हो पाएगा।
अभी यह है हालत
खजूरपुरा से झालावाड़ रोड पर आरओबी के नीचे की खस्ताहाल सड़क से आवाजाही हो रही है। वाहन चालकोें, राहगीरों, आस-पास के रहवासियों की हालत खराब हो रही है तो चारमूर्ति से खजूरपुरा तिराहे की ओर भी आवाजाही के नाम पर दोनों साइड पगडंडीनुमा सड़क ही बची है जिससे बड़ी सावधानी से निकलना पड़ता है। दीनदयाल पार्क से खजूरपुरा की ओर भी आरई वॉल के दोनों तरफ आवागमन के लिए जरा सी सड़क ही बची है। दिनभर में हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। लोग यही कहते निकलते हैं, कि आखिर कब फीता कटेगा।
खजूरपुरा से चारमूर्ति वाले हिस्से में काम शुरू करा दिया गया है। मशीनें आ गई है। इधर का काम अप्रेल लास्ट तक हो पाएगा जबकि मैन आरओबी पर डामर का काम 10 अप्रेल तक हो जाएगा।
राकेश मीणा, परियोजना अधिकारी
आरएसआरडीसी


