पाकिस्तान की सियासत से आने वाले नेता नबील गबोल इन दिनों अचानक सुर्खियों में हैं, और वजह बनी है हाल ही में रिलीज हुई फिल्म धुरंधर 2। फिल्म के पहले पार्ट में दिखाए गए किरदार को लेकर गाबोल ने खुलकर नाराजगी जताई थी, दरअसल गाबोल का कहना है कि फिल्म में दिखाया गया “जमील जमाली” का किरदार कहीं न कहीं उन्हीं से प्रेरित है। इस रोल को राकेश बेदी ने निभाया है, और गाबोल का आरोप है कि उनके व्यक्तित्व को सही तरीके से नहीं दिखाया गया बल्कि उसे मजाकिया अंदाज में पेश कर दिया गया। अब उन्होंने इस पूरे मामले में अपना जवाब देने का फैसला भी कर लिया है।
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान गाबोल ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब वो लियारी से एमएनए थे, उसी दौर को आधार बनाकर यह किरदार गढ़ा गया। गाबोल के मुताबिक, “असल बात ये है कि वो पाकिस्तान या उसकी सेना से सीधे नहीं भिड़ सकते, इसलिए फिल्म के जरिए कहानी बनाई गई। लेकिन इस सबके बीच लियारी को दुनिया भर में पहचान जरूर मिल गई।”
इसे भी पढ़ें: Hit Songs देने वाली Jasmine Sandlas का दावा, Dhurandhar जैसी फिल्म Bollywood में आज तक नहीं बनी
गाबोल ने यह भी कहा कि लियारी के लोग इन चीजों से ज्यादा फर्क नहीं पड़ने देते क्योंकि वो मजबूत हैं। हालांकि उन्हें इस बात से आपत्ति है कि एक कॉमेडियन के जरिए उनके जैसे किरदार को हल्के अंदाज में दिखाया गया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2007 में लियारी के एमएनए वही थे, इसलिए किरदार की प्रेरणा को नकारना पूरी तरह सही नहीं है। सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर भी गाबोल ने सीधा जवाब दिया। उनका कहना है कि लोग पूछ रहे हैं कि वो चुप क्यों हैं, लेकिन अब वो जल्द ही ऐसा जवाब देंगे जो सबको याद रहेगा।
इतना ही नहीं, गाबोल ने इस विवाद के बीच एक बड़ा ऐलान भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि वो खुद एक फिल्म बनाएंगे, जो इस कहानी का उनका पक्ष दिखाएगी। दिलचस्प बात ये है कि वो इसे “धुरंधर 3” नहीं कहेंगे, बल्कि इसका नाम “लियारी का गब्बर” रखने की योजना है। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब गाबोल ने इस फिल्म सीरीज पर आपत्ति जताई हो। पहले पार्ट के बाद भी उन्होंने कहा था कि उनके किरदार को जितना दमदार दिखाया जाना चाहिए था, उतना नहीं दिखाया गया। हालांकि उस वक्त उन्होंने कानूनी कार्रवाई से दूरी बना ली थी, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केस लड़ना आसान नहीं था।
इसे भी पढ़ें: हाफिज सईद की मुंहबोली बहन, जिसने सबके सामने काटी गाय, भारत की सबसे खतरनाक महिला को मिली बड़ी सजा, पाकिस्तान में बवाल!
दूसरी तरफ, धुरंधर फिल्म सीरीज लगातार कामयाबी की ऊंचाइयों को छू रही है। इसमें रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका में नजर आते हैं, जो लियारी के गैंग्स में घुसपैठ करता है। उनके साथ अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन और संजय दत्त जैसे बड़े कलाकार भी शामिल हैं। फिल्म का दूसरा हिस्सा रिलीज के पहले ही हफ्ते में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुका है, जिससे साफ है कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज जबरदस्त है। अब देखना दिलचस्प होगा कि गाबोल की “लियारी का गब्बर” सच में बनती है या नहीं, और अगर बनती है तो क्या वो पर्दे पर अपनी कहानी उसी अंदाज में दिखा पाते हैं, जैसा वो दावा कर रहे हैं।


