गोंडा में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के दूसरे चरण के तहत आज शनिवार को ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ का आयोजन किया गया था। जहां इस दौड़ में गोंडा पुलिस की महिला अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने भाग लिया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने रिजर्व पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया।यह दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर कचहरी, अंबेडकर चौराहा और एनसीसी कार्यालय होते हुए यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाना तथा आमजन को मिशन शक्ति अभियान से जोड़ना था। दौड़ प्रतियोगिता का नेतृत्व महिला थाना अध्यक्ष अनीता यादव ने किया। गोंडा पुलिस महिलाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी अभियान के तहत सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और परामर्श की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय कर सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अतिरिक्त, महिला पुलिसकर्मी स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी दे रही हैं। देखें 5 तस्वीरें… पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ कार्यक्रम मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण का हिस्सा था। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और गोंडा पुलिस इस दिशा में लगातार प्रयासरत है। एसपी जायसवाल ने जनभागीदारी पर बल देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण में सहयोग देना चाहिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, सहायक पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवाच्या और प्रतिसार निरीक्षक अजय प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।


