हाथरस के सासनी कोतवाली पुलिस ने हत्या के आरोपी रन्नू पुत्र हुकम सिंह को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी उस विवाद के बाद हुई जिसमें कोल्ड ड्रिंक के पैसे मांगने पर रंजित सोलंकी के साथ झगड़ा हुआ था। जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को रंजित सोलंकी अपनी दुकान पर थे, तभी कुछ आरोपी कोल्ड ड्रिंक लेने आए। जब रंजित ने उनसे पैसे मांगे, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर एक आरोपी ने पिस्टल से रंजित के पेट में गोली मार दी। इलाज के दौरान हुई मौत गंभीर रूप से घायल रंजित को पहले जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए आगरा के श्री हरि हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। लेकिन 25 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया रंजित के परिजन की तहरीर पर सासनी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। अभियुक्त की गिरफ्तारी अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी और सर्विलांस इनपुट के आधार पर आरोपी रन्नू पुत्र हुकम सिंह, निवासी हतीशा, थाना हाथरस गेट को सासनी-इग्लास रोड से गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के संबंध में सासनी पुलिस द्वारा विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम इस घटना में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयासरत है।


