जालंधर के गांधी कैंप में घुसा ओवरलोडेड ट्रक:बिजली के खंभे तोड़े, पूरे इलाके की बत्ती हुई गुल, लोगों में भारी रोष

जालंधर के गांधी कैंप में घुसा ओवरलोडेड ट्रक:बिजली के खंभे तोड़े, पूरे इलाके की बत्ती हुई गुल, लोगों में भारी रोष

जालंधर के गांधी कैंप इलाके में एक ओवरलोडेड ट्रक ने बिजली के खंभों और तारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बिजली के खंभे बुरी तरह टूट गए और पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इलाके के निवासी ट्रक चालक की लापरवाही और प्रशासन की ढील को लेकर भारी रोष में हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ओवरलोडेड ट्रक तंग गलियों के बीच घुस आया। ट्रक की ऊंचाई और उस पर लदे सामान के कारण ऊपर से गुजर रही बिजली की तारें उसमें फंस गईं। चालक ने जब ट्रक को आगे खींचने की कोशिश की, तो तारों के खिंचाव से बिजली के खंभे उखड़कर जमीन पर आ गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि खंभे गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। गनीमत रही कि जिस समय खंभे गिरे, उस समय नीचे कोई व्यक्ति या बच्चा मौजूद नहीं था, वरना कोई बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। इस घटना के तुरंत बाद पूरे गांधी कैंप और आसपास के मोहल्लों की बिजली कट गई, जिससे लोग भारी गर्मी और परेशानी का सामना कर रहे हैं।
ट्रक चालक को रास्ते का अंदाजा नहीं था इलाके के लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस तरह के भारी वाहन रिहायशी इलाकों में घुसे हों। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया है कि आखिर पुलिस के नाकों और पाबंदियों के बावजूद इतना बड़ा ओवरलोडेड ट्रक तंग गलियों में कैसे दाखिल हो गया? लोगों का आरोप है कि ट्रक चालक को रास्ते का अंदाजा नहीं था, फिर भी वह जबरन गाड़ी अंदर ले आया। हादसे के बाद मोहल्ले की महिलाएं और बुजुर्ग सड़कों पर उतर आए । मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बिजली विभाग को सूचित कर दिया गया है, लेकिन भारी नुकसान होने के कारण बिजली बहाल होने में काफी समय लग सकता है। दूसरी ओर, ट्रक के मालिक ने नुकसान की भरपाई करने की बात कही है, लेकिन स्थानीय निवासी प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मामले की जाच कर रही फिलहाल, पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। लोगों का कहना है कि जब तक खंभे ठीक नहीं होते और ट्रक चालक पर कार्रवाई नहीं होती, उनका गुस्सा शांत नहीं होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *