अप्रैल में ही दिया जाएगा 3 महीने का चावल, गड़बड़ी की तो कड़ी कार्रवाई

भास्कर न्यूज | महासमुंद जिले के राशनकार्डधारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र परिवारों को अप्रैल, मई और जून का तीन महीने का चावल एकमुश्त अप्रैल माह में ही वितरित कर दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के दिनों में हितग्राहियों को बार-बार उचित मूल्य दुकान आने की असुविधा से बचाना और खाद्यान्न सुरक्षा सुनिश्चित करना है। जारी निर्देशों के अनुसार, अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन श्रेणी के राशनकार्डधारियों को तीन माह का चावल एक साथ दिया जाएगा। वहीं, सामान्य (एपीएल) राशनकार्डधारियों को केवल अप्रैल माह का ही आवंटन प्राप्त होगा। चावल के अलावा अन्य सामग्री जैसे शक्कर, नमक और चना का वितरण पूर्व की तरह प्रति माह अलग-अलग किया जाएगा। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अप्रैल माह में चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह वितरण निगरानी समिति की उपस्थिति में होगा। हितग्राहियों को ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही राशन दिया जाएगा और मौके पर रसीद भी प्रदान की जाएगी। कलेक्टर ने नागरिक आपूर्ति निगम को निर्देशित किया है कि 31 मार्च 2026 तक सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करें। दुकानों के बाहर तीन माह के वितरण की जानकारी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने और मुनादी के जरिए ग्रामीणों को सूचित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वितरण प्रणाली पर कड़ी नजर रखने के लिए राजस्व, खाद्य और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीमें बनाई गई हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि खाद्यान्न के दुरुपयोग या अफरा-तफरी की शिकायत मिली, तो संबंधितों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *