Rajasthan Police Encounter: यूपी के शूटर ने पुलिस पर तड़ातड़ चलाई गोलियां, 3 गोलियां गाड़ी में धंसी, जवाबी फायर में शूटर घायल

Rajasthan Police Encounter: यूपी के शूटर ने पुलिस पर तड़ातड़ चलाई गोलियां, 3 गोलियां गाड़ी में धंसी, जवाबी फायर में शूटर घायल

श्रीगंगानगर। पंजाब-राजस्थान बॉर्डर के पास साधुवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम पुलिस की नाकेबंदी के दौरान एक युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी की टांग में गोली मारकर उसे काबू कर लिया। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार शाम करीब सात बजे एक युवक बाइक पर पंजाब की ओर से आता दिखाई दिया। शक होने पर उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह नाकेबंदी स्थल से यू-टर्न लेकर नहर की पटरी की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया, इसी दौरान उसकी बाइक गिर गई और वह भागते हुए पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग करने लगा। इस दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी पर तीन गोलियां लगीं, हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

चेतावनी के बावजूद करता रहा फायर

जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक को कई बार सरेंडर करने के लिए चेतावनी दी गई, लेकिन वह फायरिंग करता रहा। हवाई फायर कर उसे चेतावनी दी गई, फिर भी नहीं रुका तो जवाबी कार्रवाई में उसकी टांग पर गोली मारी गई। गोली लगने के बाद भी उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 30 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही आइजी बीकानेर ओमप्रकाश और एसपी हरीशंकर मौके पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस छावनी में तब्दील हुआ अस्पताल

घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। एडिशनल एसपी रघुवीर प्रसाद शर्मा के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई, जबकि चिकित्सकों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी के अन्य साथी भी हो सकते हैं, जिसे देखते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

आरोपी से की जा रही पूछताछ

इस कार्रवाई का नेतृत्व जवाहरनगर सीआई देवेन्द्र सिंह ने किया। नाकेबंदी में मीरा चौकी प्रभारी एसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल हरदेव सिंह, भारत, वीरेन्द्र, उग्रसेन सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। आरोपी को फिलहाल हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है। वहीं एडिशनल एसपी रघुवीर प्रसाद शर्मा की अगुवाई में पुलिस जाब्ता जिला अस्पताल में पहुंचा और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *