Auraiya Crime News: औरैया में घरेलू झगड़े से तंग आकर एक महिला आत्महत्या करने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गई। जिसे देखकर महिला सब-इंस्पेक्टर सतर्क हो गई। इसके पहले कि वह ट्रेन के आगे कूदती, महिला सब-इंस्पेक्टर ने महिला को अपनी तरफ खींच लिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि घरेलू झगड़े से वह तंग रहती थी, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या करने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पहुंच गई। घटना की जानकारी महिला के घर वालों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने महिला के साथ बातचीत की और पुलिस ने घरेलू विवाद न करने की हिदायत देते हुए महिला को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया। महिला इटावा की रहने वाली है। घटना अछल्दा रेलवे फाटक की है।
घरेलू झगड़े से तंग आकर महिला निकली थी खौफनाक कदम उठाने
उत्तर प्रदेश के औरैया के अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय हड़कंप मच गया। जब घरेलू झगड़े से तंग आकर महिला आत्महत्या करने के लिए पहुंच गई। महिला की पहचान 31 वर्षीय महेंद्र कुमार की पत्नी के रूप में हुई, जो इटावा जिले के महेवा नगला विधि की रहने वाली है। महिला अछल्दा रेलवे क्रॉसिंग की तरफ बड़ी चली जा रही थी।
महिला सब इंस्पेक्टर की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
रेलवे फाटक पर सब इंस्पेक्टर हेमलता यादव ड्यूटी कर रही थी, जिसकी नजर महिला पर पड़ी, जिसकी चाल और हाव-भाव देखकर हेमलता सतर्क हो गई और धीरे-धीरे चलते हुए महिला के पास पहुंच गई। महिला की हरकत और इरादा खतरनाक लग रहे थे। इसी बीच रेलवे क्रॉसिंग को भी बंद कर दिया गया था। हेमलता को जैसे ही एहसास हुआ कि महिला ट्रेन के आगे छलांग लगाने वाली है, उसने उसे अपनी तरफ खींच लिया।
महिला के सामान्य होने पर बातचीत की गई
इस दौरान महिला सब-इंस्पेक्टर हेमलता यादव ने महिला को पास में बैठाया और उससे बातचीत की, महिला को पानी पिलाया। थोड़ी देर में महिला शांत हुई। सामान्य होने के बाद हेमलता ने घर वालों के विषय में पूछताछ की। इस दौरान महिला ने बताया कि उसके घर में घरेलू विवाद बना रहता था, जिससे तंग आकर वह यहां पहुंची है। महिला के पति को थाने में बुलाया गया।
महिला के घर वालों को थाने पर बुलाया गया
मामले की जानकारी मिलते ही महेंद्र तुरंत थाने पहुंच गया और पुलिस ने महेंद्र सिंह से बातचीत की। घर में झगड़ा न करने की हिदायत दी। बातचीत होने के बाद महिला को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया। सब इंस्पेक्टर हेमलता भी अपने इस कार्य से काफी खुश थी, बोली, “महिला सुरक्षित है, यही उसके लिए संतोष की बात है।”


