Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने 500 रुपए के दर के 2.38 करोड़ के जाली नोट प्रकरण में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी का नाम भावेश गजेरा (46) जो सूरत के कामरेज क्षेत्र का रहने वाला है।
क्राइम ब्रांच के तहत जांच में सामने आया कि भावेश इस मामले में शुरू से ही मुख्य आरोपी प्रदीप जोटांगिया उर्फ प्रदीप गुरु व अन्य आरोपियों के साथ जुड़ा हुआ है। यह षडयंत्र रचने के दौरान से ही इस पूरे मामले में शामिल है। जाली नोट छापने के लिए जरूरी मशीन, प्रिंटर , कटर व अन्य सामान खरीदने के लिए आर्थिक मदद भी भावेश ने ही की थी।ज्ञात हो कि 18 मार्च को अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने अमराईवाड़ी इलाके से 2.10 करोड़ रुपए के 40 हजार से ज्यादा 500 रुपए की दर के जाली नोट के साथ पांच आरोपियों को पकड़ा था। उसके बाद सूरत में दबिश देकर 28 लाख की अन्य जाली नोट के साथ एक अन्य आरोपी को पकड़ा। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी जाली नोट छापने के लिए चीन से विशेष पेपर मंगवा रहे थे।
20 लाख की जाली नोट बाजार में भुनाई
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी भावेश ने इस गिरोह की ओर से छापी गई 500 रुपए के दर की जाली नोट में से 20 लाख रुपए की जाली नोट को बाजार में भुनाने का काम भी किया है। जाली नोटों को बाजार में भुनाने के लिए डीलिंग का काम भी यह करता होने की बात सामने आई है। यह जाली नोट छापने के दौरान इस मामले के मुख्य आरोपियों में से एक मुकेश ठुम्मर और रमेश बलर के साथ मौजूद भी था जिसे सक्रिय भूमिका निभाई है।
छह दिन का रिमांड मंजूर
क्राइम ब्रांच के तहत पकड़े गए आरोपी भावेश गजेरा को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। अहमदाबाद की अदालत ने आरोपी का छह दिन का रिमांड भी मंजूर किया।


