सूरजपुर में पति की प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर वृद्धाआश्रम में रहने आई महिला पर पति ने तलवार से हमला कर दिया। पति ने वृद्धाश्रम में घुसकर पत्नी से गाली-गलौज और मारपीट की। साथ लेकर आए धारदार तलवार से आरोपी ने पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के बाएं कंधे, गाल, गर्दन में चोटें आई हैं। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। मामला सूरजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, भैयाथान अंतर्गत चेंद्रा के पलमा निवासी जीवन लाल सोनी आए दिन अपनी पत्नी से गाली-गलौज और मारपीट करता था। प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पति से अलग रहने का निर्णय लिया और घर छोड़कर निकल गई। महिला सूरजपुर के तिलसिवां स्थति स्नेह संबल वृद्धाश्रम में रह रही थी। साथ जाने राजी नहीं हुई तो हमला
पुलिस के अनुसार 27 मार्च को महिला का पति जीवन लाल सोनी उससे मिलने के नाम पर आया था। जीवन लाल सोनी ने पत्नी से कहा कि वह अब उसके साथ मारपीट नहीं करेगा। आरोपी ने पत्नी को घर चलने के लिए दबाव बनाया। जब महिला ने घर जाने से मना कर दिया तो जीवन लाल सोनी ने आक्रोशित होकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे धारदार हथियार तलवार को निकाल लिया। आरोपी ने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। हमले में महिला के बाएं कंधे, गाल और गर्दन के समीप चोटें आई हैं। इस दौरान वृद्धा आश्रम में मौजूद अधीक्षिका पायल गुप्ता सहित प्रदीप गुप्ता, अम्बेवती सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर महिला की जान बचाई। घटना के बाद वृद्धा आश्रम में भी दहशत का माहौल निर्मित हो गया। वृद्धा आश्रम प्रबंधन ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी जीवन लाल सोनी के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 296(बी), 351(3), 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और घटना की जांच चल रही है।


