बिलासपुर में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। व्यंकटेश मंदिर सिम्स चौक से शुरू हुई इस यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे संकटमोचन हनुमान की विशालकाय प्रतिमा आकर्षक का केंद्र बिंदु रहा। इससे पहले लोगों ने अपने-अपने घरों के साथ ही देवालयों में सुबह से प्रभु श्रीराम का विधिपूर्वक पूजन और अभिषेक किया। भगवान का श्रृंगार नए वस्त्रों से किया गया। उनके दर्शन के लिए दिनभर भक्तों की भीड़ जुटी रही। वहीं, शाम को ढोल-तासे और बाजे-गाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। सिम्स चौक स्थित वेंकटेश मंदिर से निकली शोभायात्रा में शामिल होने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग डीजे के साथ ही ढोल-ताशों और भजन-कीर्तन मंडली के साथ पहुंचे। रामनवमी पर राम लला का झूला उत्सव बिलासपुर के तिलक नगर स्थित राम मंदिर में भी भक्तिमय माहौल है। मंदिर की विशेष सजावट की गई है और राम लला की प्रतिमा पालने पर स्थापित की गई है। शहर भर से श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर में पहुंच रहे हैं। भक्त राम लला को पालने पर झूला झुलाते बड़े ही भाव से नजर आ रहे हैं। आज राम जन्मोत्सव (राम नवमी) के दिन श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है और मंदिर में खासी भीड़ जमा है।


