सिवनी जिले के बंडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लापुर गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे भीषण अग्निकांड हो गया। एक मकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और तेज हवा के कारण 12 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं मिला। कई परिवार अपने घरों से जरूरी सामान तक नहीं निकाल सके, जिससे उनकी पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। इस घटना से लगभग 12 परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। गांव में इस घटना के बाद अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बढ़ सकता था। प्रभावितों को हर संभव मदद देंगे विधायक दिनेश राय मुनमुन ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग तेज हवा के कारण अन्य मकानों में फैल गई थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला घटना की गंभीरता को देखते हुए बंडोल थाना प्रभारी मनोज जंघेला, एसडीओपी, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। गृहस्थी सामान खाक थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने पुष्टि की कि कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन लोगों की गृहस्थी का भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल, राजस्व विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की बात कही है।


