महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि देश में किसी भी प्रकार का लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही लॉकडाउन की खबरों को पूरी तरह से ‘अफवाह’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की निराधार खबरें फैलाकर जनता के बीच डर पैदा कर रहे हैं, उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। केंद्र सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वर्तमान परिस्थितियों में लॉकडाउन की कोई आवश्यकता नहीं है।
ईंधन संकट नहीं है, जमाखोरी न करें- फडणवीस
पश्चिम एशिया (West Asia) में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। साथ ही तेल और गैस की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। महाराष्ट्र के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगने लगी हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस (LPG) का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं और न ही घरेलू गैस की अनावश्यक जमाखोरी करें। सीएम ने भरोसा दिलाया कि ईंधन की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
उत्पाद शुल्क में कटौती का किया स्वागत
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाने (Petrol Diesel Excise Duty Cut) के फैसले का स्वागत किया है। सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है, जबकि डीजल को शुल्क से राहत दी गई है।
उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम आम जनता को बड़ी राहत देगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन अब इसका बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा।


