सलूंबर के गींगला थाना क्षेत्र में करावली बस स्टैंड के पास से 40 टन अवैध बजरी से भरा एक बिना नंबर का डम्पर जब्त किया है। एसपी विशनाराम विश्नोई के सख्त निर्देशों के तहत पूरे जिले में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला ने बताया कि सर्कल गश्त के दौरान पुलिस टीम को करावली बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध डम्पर दिखाई दिया। जब उसे रुकवाकर जांच की गई तो वो बिना नंबर का निकला और उसमें भारी मात्रा में अवैध बजरी भरी हुई थी। पुलिस ने डम्पर सहित करीब 40 टन बजरी को मौके पर ही जब्त कर लिया। मामले में एमएमसीआर एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बजरी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में शोभाराम, शैलेन्द्र कुमार और रमेश कुमार सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के सुपरविजन और वृताधिकारी हेरम्ब जोशी के निर्देशन में गींगला थाना पुलिस की टीम लगातार सक्रिय है।


