Rajshri Deshpande Breast Cancer: ब्लैक वॉरेंट और सेक्रेड गेम्स में जबरदस्त अभिनय का प्रदर्शन कर चुकी राजश्री देशपांडे ने हाल ही में खुलासा किया था कि वो ग्रेड 1 ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही हैं, जिसका पता उन्हें इसी साल चला था। उन्होंने बताया कि मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उनकी सर्जरी हुई है।
कुछ दिनों बाद, राजश्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक इमोशनल पोस्ट शेयर की। इस पोस्ट में उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में पता चलने के बाद अस्पताल में अकेले फूट-फूटकर रोने की बात याद की और बताया कि इस दौरान वो स्ट्रॉन्ग नहीं रह पायीं और वो हिम्मत हार चुकीं थीं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘वो बस शांत रहना चाहती हैं।’
ब्रेस्ट कैंसर के बाद राजश्री देशपांडे का छलका दर्द (Rajshri Deshpande Breast Cancer)
आज (27 मार्च) को अपने इंस्टाग्राम पर ‘सेक्रेड गेम्स’ एक्ट्रेस राजश्री देशपांडे ने लिखा, “जब मुझे पहली बार अपने ब्रेस्ट कैंसर के बारे में पता चला, तो मुझे आज भी याद है कि अस्पताल में हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट सेंटर के बाहर मैं अकेले ही फूट-फूट कर रोई थी। नहीं, मैं मजबूत नहीं रह सकी। मुझमें बिल्कुल भी हिम्मत नहीं थी। आज भी जब लोग मुझसे पूछते हैं कि ये तुम्हें कैसे हुआ… तुम तो इतनी फिट हो, वगैरह… तो सच कहूं तो मेरे पास इसका कोई जवाब नहीं है।”
दर्द सिर्फ शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक भी था
इसके आगे राजश्री ने लिखा कि दर्द सिर्फ शारीरिक ही नहीं था, बल्कि मानसिक और भावनात्मक पीड़ा भी असहनीय थी। उन्होंने आगे कहा कि वह कई बार टूट गईं, कभी अकेले तो कभी अपने दोस्तों के साथ, जिन्होंने हर कदम पर उनको सपोर्ट किया। हालांकि, कई बार ऐसे भी दिन आए जब वह फिर से उठ खड़ी हुईं और उन्होंने हार न मानने का निश्चय किया।
उन्होंने आगे कहा, ‘इस कठिन सफर में जिन लोगों ने मेरा साथ, जो मेरे साथ रहे, मुझे फोन किया, मैसेज भेजे और इतना प्यार दिया, उनके बारे में सोचते हुए आज मैं मुस्कुराने में सफल रहीं हूं। इसके साथ ही राजश्री ने कहा कि उन्हें पता है कि कल कई चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, लेकिन आज का दिन प्यार का दिन है।’ .


