मप्र विद्युत नियामक आयोग का फैसला : बिजली बिल देगा करंट, कांग्रेस ने लालटेन में बैठक कर जताया विरोध

मप्र विद्युत नियामक आयोग का फैसला : बिजली बिल देगा करंट, कांग्रेस ने लालटेन में बैठक कर जताया विरोध

पावर जनरेटिंग कंपनियों की मांग पर मप्र नियामक आयोग द्वारा बिजली बिलों में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। ये दरें एक अप्रैल से लागू हो जाएगी। जिसके चलते मई माह में आने वाला बिजली का बिल उपभोक्ताओं को करंट देगा। बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर गुरुवार शाम कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने लालटेन की लाइट में बैठक कर अपना विरोध जताया।

लालटेन लेकर पहुंचे गांधी भवन
बिजली दरों में वृद्धि को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह और शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी के साथ कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता गुरुवार शाम लालटेन लेकर गांधी भवन पहुंचे। यहां गांधी भवन की सारी लाइट बंद कर लालटेन और मोबाइल टार्च की रोशनी में बैठक की। जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने बताया कि भाजपा के अमृत काल का पाषाण युग आरंभ हो चुका है। बढ़ती महंगाई के बीच राहत ढूंढ रहे उपभोक्ताओं को सरकार ने बिजली बिलों का करंट लगाने की तैयारी कर दी है। इसके विरोध में जल्द ही बढ़ा प्रदर्शन भी किया जाएगा।

आपदा में अवसर तलाश रही सरकार
शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आपदा में अवसर तलाश रही है। वैसे ही महंगाई है, रसोई गैस मिल नहीं रही है, जिसके कारण लोग इंडेक्शन का उपयोग कर रहे है। अब भाजपा ने बिजली बिलों की दर बढ़ाकर उपभोक्ताओं को नया झटका दिया है। युद्ध के बहाने पहले ही रसोई गैस की कीमतें, पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि करने की तैयारी है। सांकेतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर, जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन, पार्षद मनोज मंडलोई, ब्लाक अध्यक्ष विशाल जैन, वकील नीलकंठ, हन्नान खोकर सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

वैश्विक संकट का असर, पंप सूखने की कगार पर
उत्तमपाल सिंह ने कहा कि इराक-इजराइल युद्ध के चलते वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम संकट गहरा गया है, जिसका असर अब भारत और खासतौर पर खंडवा जिले में दिखाई देने लगा है। उन्होंने दावा किया कि जिले के कई पेट्रोल पंप सूखने की स्थिति में पहुंच रहे हैं, जबकि सरकार लगातार पर्याप्त स्टॉक होने की बात कह रही है।

सरकार के दावे और जमीनी हकीकत अलग
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों के कारण देश में पेट्रोल, डीजल और गैस की किल्लत पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियां पर्याप्त आपूर्ति नहीं कर पा रही हैं और सरकार के दावे जमीनी हकीकत से बिल्कुल अलग हैं। अब बिजली टैरिफ बढ़ाकर लोगों पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ भी डाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *