जालौन में गुरुवार रात एक युवक की पोकलैंड मशीन से दबकर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद घाट संचालक के फरार होने से मामला संदिग्ध हो गया है। एक घाट पर गुरुवार रात हादसे में युवक की पोकलैंड मशीन से दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भारत राजपूत (25) पुत्र स्वर्गीय हाकिम राजपूत उर्फ कल्लू राजपूत, निवासी ग्राम बरसार थाना कोटरा जनपद जालौन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भारत अपने परिवार का इकलौता सहारा था और घाट पर देखरेख का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। शव को छिपाने और दफनाने का प्रयास परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात भारत घाट पर ही सो रहा था। इसी दौरान उसके ऊपर पोकलैंड मशीन चढ़ा दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद शव को छिपाने और दफनाने का प्रयास भी किया गया। उन्होंने इस घटना को हादसा नहीं बल्कि हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, घटना के बाद घाट संचालक के मौके से फरार होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है। सूचना मिलने पर चिकासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।


