सीहोर की सील पनीर फैक्ट्री चलती मिली:ईडी कार्रवाई के बाद नाम बदलकर रात-दिन संचालन हो रहा

सीहोर की सील पनीर फैक्ट्री चलती मिली:ईडी कार्रवाई के बाद नाम बदलकर रात-दिन संचालन हो रहा

सीहोर के बहुचर्चित पनीर फैक्ट्री, जिसके मालिक किशन मोदी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 20 करोड़ रुपए से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग और मिलावटखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है, वह अब भी धड़ल्ले से संचालित हो रही है। फैक्ट्री के मुख्य गेट पर ताला लगा रहता है, लेकिन पीछे के रास्तों से मजदूर, वाहन और कच्चा माल लगातार आ-जा रहे हैं। जांच में सामने आया है कि प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए कंपनी का नाम बदल दिया गया है। पहले यह फैक्ट्री जयश्री गायत्री फूड (मिल्क मैजिक) के नाम से जानी जाती थी, जिसे अब हेल्थ ब्रिज प्राइवेट लिमिटेड के नए बोर्ड के साथ चलाया जा रहा है। सामने का गेट बंद रखा जाता है
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, प्रशासन को गुमराह करने के लिए सामने का गेट बंद रखा जाता है, ताकि यह लगे कि फैक्ट्री सील है। हालांकि, अंदर घी, दूध और पनीर जैसे उत्पादों की पैकिंग का काम तेजी से जारी है। इस गोपनीय संचालन की जानकारी लेने की कोशिश करने पर फैक्ट्री के सुरक्षा गार्डों ने किसी को भी अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। पूर्व में हुई कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री की बिजली भी काट दी गई थी, इसके बावजूद अंदर काम का चलना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। ईडी ने किशन मोदी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। जांच में यह खुलासा हुआ था कि कंपनी दूध के प्राकृतिक फैट की जगह हानिकारक पाम ऑयल का उपयोग कर रही थी। कंपनी ने विदेशों में निर्यात की मंजूरी पाने के लिए लैब की फर्जी टेस्ट रिपोर्ट भी तैयार की थी। ईडी ने इस फर्जीवाड़े से कमाई गई 20.59 करोड़ रुपए की राशि को ‘अपराध की आय’ घोषित किया है। अफसर बोले- गतिविधियों की जांच करेंगे
सीहोर की फूड इंस्पेक्टर सारिका गुप्ता ने बताया कि पूर्व में जब कार्रवाई हुई थी, तब फैक्ट्री बंद पाई गई थी। उन्होंने कहा कि इसे दोबारा कब और कैसे शुरू किया गया, इस संबंध में फिलहाल विभाग को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग एक टीम भेजकर नमूने लेगा और वर्तमान में वहां चल रही गतिविधियों की जांच करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *