Bisalpur Dam Water Supply: जयपुर शहर में लोगों को आगामी गर्मियों में बीसलपुर बांध से अतिरिक्त जलापूर्ति मिलने वाली है। जलदाय विभाग ने आगामी एक अप्रेल से जुलाई तक 3 पैकेज में शहर में रोजाना 2.5 करोड़ लीटर अतिरिक्त पानी की आपूर्ति करने का प्लान तैयार किया है। गर्मी के सीजन में जयपुर शहर में पानी की बढ़ती खपत और डिमांड के मद्देनजर विभाग अप्रेल से जुलाई तक बीसलपुर बांध से तीन चरणों में 7.5 करोड़ लीटर अतिरिक्त जलापूर्ति करने का फैसला किया है।
पत्रिका की खबर के बाद एक्शन में आया विभाग
राजस्थान पत्रिका में ‘173 करोड़ का सूरजपुरा फिल्टर प्लांट आधी क्षमता पर सिमटा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद बड़ा असर सामने आया है। विभाग के मुख्य अभियंता (शहरी) देवराज सोलंकी और अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बीते गुरुवार को सूरजपुरा फिल्टर प्लांट का दौरा किया। उन्होंने तकनीकी खामियां छोड़ने वाली फर्म को स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मियों में शहर की सप्लाई में किसी तरह की रुकावट नहीं आनी चाहिए। इसके बाद फर्म ने सभी पांच फेल फिल्टर यूनिट को अपग्रेड करना शुरू कर दिया है।
तीन पैकेज में रोजाना 2.5 करोड़ लीटर अतिरिक्त जलापूर्ति
फर्म ने फिल्टर यूनिट्स का अपग्रेडेशन शुरू कर दिया है। विभाग के अनुसार अप्रेल से जुलाई तक तीन चरणों में सप्लाई बढ़ाई जाएगी।
- एक अप्रेल से रोजाना 2.5 करोड़ लीटर अतिरिक्त पानी मिलेगा।
- 30 मई को फिर 2.5 करोड़ लीटर और बढ़ेगा।
- जुलाई में तीसरे चरण में 2.5 करोड़ लीटर और जोड़ा जाएगा।
- सप्लाई स्तर 66 करोड़ लीटर से ज्यादा होगा
अभी इतना मिल रहा पानी
अभी बीसलपुर सिस्टम से शहर को रोजाना 59 करोड़ लीटर पानी मिल रहा है। तीन पैकेज में कुल 7.5 करोड़ लीटर की बढ़ोतरी के बाद सप्लाई स्तर 66 करोड़ लीटर से अधिक हो जाएगा। इससे नए प्रोजेक्ट्स और मल्टीस्टोरी इमारतों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
जिम्मेदार ये बोले…
हमारी प्राथमिकता गर्मियों में जयपुर शहर को बेहतर पेयजल सेवाएं देना है। सूरजपुरा फिल्टर प्लांट तीन पैकेज में सप्लाई बढ़ाने की तैयारी है। 1 अप्रेल से शहर को रोजाना 2.5 करोड़ लीटर पानी ज्यादा मिलेगा। तकनीकी खामियां छोड़ने वाली फर्म और इंजीनियरों पर भी कार्रवाई होगी।
- अजय सिंह राठौड़, अतिरिक्त मुख्य अभियंता


