करनाल में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार रात कर्ण कमल कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, आगामी योजनाओं और प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा हुई। परिवहन, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य जरूरी मुद्दों पर भी जानकारी ली गई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तय करने पर जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल लोकसभा क्षेत्र के आठ विधायकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जब भी वह करनाल आते हैं, तो विकास कार्यों की समीक्षा अवश्य करते हैं। इस बार भी क्षेत्र में चल रहे प्रोजेक्ट्स और अन्य जरूरी कार्यों की जानकारी ली गई है, ताकि योजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके। रैपिड रेल परियोजना पर काम शुरू रैपिड रेल परियोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि इस परियोजना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सर्वे का काम भी प्रारंभ कर दिया गया है। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने के बाद उसे कैबिनेट से मंजूरी दिलवाकर आगे का कार्य शुरू किया जाएगा। प्रधानमंत्री की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक पर बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को लेकर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए किसी तरह की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। हालांकि सभी को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी हालात सामान्य हैं और किसी तरह की परेशानी नहीं है। प्रधानमंत्री पहले भी जनता से अपील कर चुके हैं, संसद के दोनों सदनों में संबोधन दे चुके हैं और सर्वदलीय बैठक भी हो चुकी है। अब मुख्यमंत्रियों से संवाद किया जाएगा। कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग पर टिप्पणी से इनकार कांग्रेस के दो विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग मामले में नोटिस का जवाब देने के सवाल पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है और इससे उनका कोई संबंध नहीं है। ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की तैयारी जारी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसकी तैयारी जारी है। एक-दो स्थानों का चयन किया जा चुका है और एविएशन विभाग को जानकारी दे दी गई है। विभाग ने स्टडी भी शुरू कर दी है। जैसे ही डीपीआर तैयार होगी, इसकी जानकारी साझा की जाएगी। पेट्रोल-डीजल कीमतों पर बोले मंत्री पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी के सवाल पर मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय हालात और खुले बाजार पर निर्भर करता है। सरकार का इस पर सीधा नियंत्रण नहीं होता। फिलहाल स्थिति सामान्य है और जरूरत पड़ने पर आगे कदम उठाए जाएंगे।


