Pune: ‘मैं शंकर, तुम पार्वती’ कहकर महिला से बलात्कार, एक और ढोंगी बाबा के खिलाफ केस दर्ज

Pune: ‘मैं शंकर, तुम पार्वती’ कहकर महिला से बलात्कार, एक और ढोंगी बाबा के खिलाफ केस दर्ज

महाराष्ट्र में अशोक खरात प्रकरण की एसआईटी जांच के बीच एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पालघर जिले के वसई स्थित ‘आमची वसई’ संस्था के प्रमुख और स्वयंघोषित धर्मगुरु ऋषिकेश वैद्य (Rishikesh Vaidya Rape Case) पर एक 35 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी ने खुद को भगवान शिव का अवतार और पीड़िता को अपनी ‘पार्वती’ बताकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यह मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फेसबुक से हुई थी पहचान

पीड़ित महिला पुणे की रहने वाली है और उसकी पहचान आरोपी ऋषिकेश वैद्य से साल 2023 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए हुई थी। आरोपी ने महिला की धार्मिक प्रवृत्ति का फायदा उठाते हुए उसे अध्यात्म सिखाने के बहाने अपने जाल में फंसाया। दिसंबर 2023 में आरोपी महिला से मिलने पुणे पहुंचा, जहां उसने खुद को महादेव का अवतार बताकर महिला को गुमराह किया। इसके बाद आरोपी उसे पुणे के मांजरी स्थित एक लॉज में ले गया, जहां उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।

अश्लील तस्वीरों से ब्लैकमेल का आरोप

पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि दुष्कर्म की वारदात के दौरान आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें खींच ली थीं। इन्हीं तस्वीरों के जरिये वह महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था, उसे बार-बार मिलने के लिए मजबूर किया। मई 2025 में आरोपी ने उसे वसई के एक बड़े होटल में मिलने के लिए बुलाया और वहां फिर से उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।

आरोपी के बढ़ते उत्पीड़न और हाल ही में नासिक के ढोंगी ज्योतिषी अशोक खरात मामले के उजागर होने के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरी आपबीती अपने पति को बताई। इसके बाद पूरा मामला पुलिस तक पहुंचा।

मामला पुणे ट्रांसफर, पुलिस जांच जारी

पीड़िता और उसके पति ने बुधवार शाम वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। माणिकपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हीरालाल जाधव ने बताया कि चूंकि बलात्कार की पहली घटना पुणे में हुई थी, इसलिए इस मामले को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए पुणे के मांजरी पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया है।

अपनी शिकायत में पीड़िता ने यह भी आशंका जताई है कि आरोपी ने धर्मगुरु होने का ढोंग कर कई अन्य लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण किया होगा। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

महाराष्ट्र में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। धर्म और आस्था के नाम पर लोगों को ठगने और उनका शोषण करने वाले ऐसे फर्जी बाबाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *