सरहदी जिले जैसलमेर में भारत-पाक सीमा के नजदीक सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को दबोचा है। नाचना थाना क्षेत्र के भारेवाला इलाके से पकड़े गए इस युवक पर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है। पकड़े गए युवक की पहचान राजू विश्नोई (29) पुत्र मदन गोदारा के रूप में हुई है, जो भारेवाला चौकी के पास स्थित एक ढाणी का निवासी है। यूपी पुलिस के इनपुट पर एक्शन जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश पुलिस को कुछ इनपुट्स मिले थे, जिसके बाद राजस्थान पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। नाचना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजू विश्नोई को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई तकनीकी सर्विलांस और खुफिया सूचनाओं के आधार पर की गई है। टेलीग्राम ग्रुप से जुड़े होने का शक जांच में यह बात सामने आई है कि राजू विश्नोई पूर्व में पकड़े गए कुछ संदिग्धों के संपर्क में था। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के एक ऐसे ग्रुप से जुड़ा हुआ था, जिसका इस्तेमाल संदिग्ध गतिविधियों के लिए किए जाने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की तफ्तीश कर रही हैं कि राजू इस ग्रुप के जरिए किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसने सीमा पार या अन्य संदिग्धों को कोई गोपनीय जानकारी साझा की है। शुक्रवार को होगी संयुक्त पूछताछ (JIC) फिलहाल संदिग्ध युवक को नाचना थाना में रखा गया है। शुक्रवार को विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त पूछताछ होगी। इस पूछताछ में युवक के मोबाइल डेटा, बैंक ट्रांजेक्शन और संपर्कों की गहनता से जांच की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों के बाद पुलिस और बीएसएफ (BSF) पूरी तरह अलर्ट पर हैं। भारेवाला क्षेत्र सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है, जिसके चलते इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।


