अंबेडकरनगर जिले में किसानों से गेहूं खरीद की प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू होकर 15 जून तक चलेगी। इस वर्ष सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 160 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। जिले भर में कुल 70 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। शासन ने इस बार तीन लाख 25 हजार क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष क्रय केंद्रों की संख्या कम है, पिछले साल 85 केंद्र बनाए गए थे। जिले में लगभग 98 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बोआई की गई है। विभिन्न सरकारी एजेंसियों से प्राप्त प्रस्तावों पर विचार करने के बाद, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने इन 70 क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद को स्वीकृति प्रदान की है। इन 70 क्रय केंद्रों में खाद्य विभाग के 18, पीसीएफ के 35, पीसीयू और यूपीएसएस के आठ-आठ, तथा मंडी समिति का एक क्रय केंद्र शामिल है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी गोरखनाथ पांडेय ने बताया कि गेहूं खरीद से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और खरीद प्रक्रिया निर्धारित तिथि 30 मार्च से सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी। किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


