श्रीगंगानगर. अन्तरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से अवैध मादक पदार्थो की तस्करी का सिलसिला थमा नहीं है। पाक से आया एक ड्रोन रावला थाना क्षेत्र गांव 2 केएडी के पास दस किलो हेरोइन गिराकर वापस चला गया। इस हेरोइन की अन्तरराष्ट्रीय बाजार में करीब पचास करोड़ रुपए की कीमत आंकी जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि पुलिस के पास यह सूचना आई थी, इसके बाद रावला क्षेत्र गांव 2 केएनडी में आधा आधा किलोग्राम के बीस पैकेट बरामद किए। इन पैकटों में हेरोइन भरी हुई थी। इनका वजन किया गया तो यह दस किलोग्राम हुआ। इस हेरोइन की खेप की डिलीवरी के लिए पंजाब ड्रग्स माफिया सक्रिय था। उन्होंने बताया कि इन पैकेटों केा लेने के लिए आए पंजाब के तीन और श्रीगंगानगर क्षेत्र के दो आरोपियों को गिरफतार किया गया है। अनूपगढ़ के सीओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि रावला क्षेत्र गांव 2 केएनडी के पास बॉर्डर एरिया में बुधवार देर रात पाक ड्रोन के आने के बाद वहां पंजाब ड्रग्स माफिया की मूवमेंट हुई। मुखबिरों ने यह जानकारी पुलिस से सांझा की। इसके बाद पुलिस ने वहां घेराबंदी करते हुए गुरुवार तड़के पांच युवकों को दबोच लिया। इन आरोपियोें से प्रारभिंक जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं बरामद किए गए हेरोइन के पैकेटों को जब्त किया गया है। विदित रहे कि रावला सीआई के अवकाश पर होने की वजह से एसपी ने वहां पदमपुर सीआई सुमन जयपाल को भेजा था। इस महिला सीआई के पास मुखबिरों की सूचना के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर पूरा खेल का खुलासा किया है।
—————–
इस साल अब तक
– बीकानेर सेक्टर में 9 जनवरी को खाजूवाला के चक 40 केजेडी के एक खेत से बीएसएफ व पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला कर ड्रोन से गिराई गई 500 ग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.5 करोड़ रुपए।
– श्रीगंगानगर सेक्टर में 10 जनवरी को अनूपगढ़ क्षेत्र में 4.008 किलोग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार। हेरोइन की यह खेप ड्रोन से गिराई गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 4 करोड़ रुपए।
– बीकानेर सेक्टर में 11 फरवरी को खाजूवाला के चक 1 बीएम के एक खेत से बीएसएफ व पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला कर ड्रोन से गिराई गई 2.25 किलोग्राम हेरोइन के पैकेट बरामद किए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2.5 करोड़ रुपए।
– बीकानेर सेक्टर में 26-27 फरवरी को सुरक्षा बलों ने खाजूवाला क्षेत्र के चक 24 केएनडी में एक खेत में चीनी ड्रोन मिला। तलाशी के दौरान ड्रोन से बंधे 8 पैकेट में 5 अत्याधुनिक पिस्तौल और 325 कारतूस बरामद हुए। इस क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हेरोइन के साथ हथियारों की तस्करी की यह पहली बड़ी घटना है।
– श्रीगंगानगर सेक्टर में 1 मार्च को रावला क्षेत्र के गांव खानूवाली के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी वन विभाग की भूमि से बीएसएफ व पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला कर ड्रोन से गिराई गई 1 किलोग्राम हेरोइन का पैकेट बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपए।
– श्रीगंगानगर सेक्टर में 9 मार्च को रायसिंहनगर क्षेत्र के चक 43 पीएस के एक खेत से बीएसएफ, सीआइडी व पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला कर ड्रोन से गिराई 6.4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन के पैकेट बरामद कर पंजाब के ड्रग माफिया से जुड़े एक तस्कर को गिरफ्तार किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हेरोइन की कीमत 30 करोड़ से अधिक।


