युद्ध को लेकर बड़ा अपडेट: ट्रंप के 15 प्रस्तावों को खारिज कर सिर्फ 5 योजनाओं पर तैयार हुआ ईरान

युद्ध को लेकर बड़ा अपडेट: ट्रंप के 15 प्रस्तावों को खारिज कर सिर्फ 5 योजनाओं पर तैयार हुआ ईरान

ईरान-इजरायल संघर्ष और होर्मुज स्टेट के आंशिक बंद होने से वैश्विक ऊर्जा संकट गहराने के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को सख्त अल्टीमेटम दिया है। ट्रंप ने कहा कि ईरानी वार्ताकार सौदा करने के लिए ‘भीख’ मांग रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक रूप से प्रस्ताव पर सिर्फ विचार कर रहे हैं। उन्होंने ईरान से तुरंत गंभीर बातचीत की अपील की। अमेरिका ने ईरान के सामने 15-सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव रखा था। ट्रंप ने ईरान को साफ लहजे में कहा है कि वह जल्द ही गंभीर हो जाए, वरना अंजाम बुरा होगा। यह बयान उनके 5 दिन के हमले टालने के फैसले के ठीक बाद आया है। अब ईरान ने 5 पॉइंट्स वाला प्रस्ताव पेश किया है।

ट्रंप ने ईरान को धमकी दी थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि समय बहुत कम बचा है। ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने लिखा, ‘ईरानी वार्ताकार बहुत अलग और अजीब हैं। वे हमसे डील करने की भीख मांग रहे हैं, जो उन्हें करना भी चाहिए क्योंकि वे मिलिट्री तौर पर पूरी तरह तबाह हो चुके हैं और उनके पास वापसी का कोई मौका नहीं है। फिर भी वे सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि वे सिर्फ हमारे प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। गलत!!! उन्हें जल्द ही सीरियस हो जाना चाहिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए। एक बार ऐसा हो गया तो फिर पीछे हटने का कोई रास्ता नहीं होगा और यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं होगा।’

फिर से खुल जाएगा होर्मुज स्टेट

ट्रंप ने आगे कहा कि अगर सही डील हो गई तो होर्मुज स्टेट फिर से खुल जाएगा। उन्होंने कैबिनेट मीटिंग में कहा, ‘हम देखेंगे कि क्या हम सही डील कर सकते हैं और वे सही डील कर सकते हैं, फिर स्टेट खुल जाएगा।’ उन्होंने यह भी माना कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि वहां कोई माइन्स बिछाए गए हैं या नहीं।

होर्मुज दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और ऊर्जा निर्यात

होर्मुज स्टेट दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल और ऊर्जा निर्यात का महत्वपूर्ण मार्ग है। ईरान के आंशिक बंद करने से वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और कई देश ऊर्जा संकट का सामना कर रहे हैं। अमेरिका और प्रभावित देशों के लिए इस रास्ते को खुला रखना अब प्रमुख प्राथमिकता बन गया है।

ईरान ने पेश किया 5 पॉइंट्स वाला प्रस्ताव

ईरान ने अमेरिका के 15-सूत्रीय शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया और अपनी 5-सूत्रीय योजना पेश की। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरान की मांगों में होर्मुज पर अपनी संप्रभुता की मान्यता, कोई नया युद्ध न होने की गारंटी, नेताओं की हत्या अभियान बंद करना, ‘प्रतिरोध समूहों’ को शांति डील में शामिल करना और युद्ध क्षति के लिए मुआवजा शामिल है।

अमेरिका ने भेजा था 15-सूत्रीय प्रस्ताव

अमेरिका का 15-सूत्रीय प्रस्ताव पाकिस्तान के माध्यम से भेजा गया था। इसमें होर्मुज खोलना, परमाणु कार्यक्रम बंद करना (यूरेनियम स्टॉक सरेंडर सहित), बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम समाप्त करना और क्षेत्रीय प्रॉक्सी समूहों को समर्थन रोकना शामिल है। ईरान ने इस प्रस्ताव को तेल कीमतें कम रखने और नई आक्रामक कार्रवाई की तैयारी का बहाना बताया है।

इजरायल ने किया नया दावा

इस बीच, इजरायल ने दावा किया कि उसने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी के कमांडर अलिरेजा तंग्सिरी को एक हवाई हमले में मार गिराया है। तंग्सिरी होर्मुज बंद करने की कार्रवाई के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *