विदिशा जिले के ग्राम रूसल्ला में तालाब खुदाई की आड़ में अवैध मुरम भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार निधि पटेल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में जमा मुरम जब्त किया। यह अवैध स्टॉक रूसल्ला गांव में नीरज श्रीवास्तव की निजी जमीन पर पाया गया, जिसे विनोद दांगी द्वारा जमा किया गया था। बताया गया है कि विनोद दांगी ने खेत में तालाब खुदाई की अनुमति ली थी, लेकिन नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्धारित सीमा से कहीं अधिक खुदाई की और निकली मुरम को अवैध रूप से भंडारित किया। जांच में सामने आया कि खुदाई की गहराई लगभग 25 मीटर, लंबाई 125 मीटर और चौड़ाई 60 मीटर तक पहुंच गई थी, जो स्वीकृत मानकों से काफी अधिक है। मौके पर मिले मुरम स्टॉक के लिए कोई वैध अनुमति नहीं पाई गई। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मौके पर ही पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया। इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में अवैध उत्खनन का कारोबार लंबे समय से बेखौफ जारी है। उनका कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा ठोस कार्रवाई न होने से ऐसे मामलों को बढ़ावा मिल रहा है। नायब तहसीलदार निधि लोधी ने बताया कि तालाब खुदाई की अनुमति दी गई थी, पर ज्यादा खुदाई की गई और मुरम स्टॉक किया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि जांच में खुदाई तय सीमा से अधिक पाई गई है। स्टॉक जब्त कर लिया गया है और आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी।


