बालाघाट जिले में चांगोटोला और हट्टा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन और वाहन चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार होने में सफल रहा। चांगोटोला पुलिस ने दो चौपहिया वाहनों से 134 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान एक कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे वाहन के चालक मंडला जिले के नैनपुर निवासी संदीप चौधरी (36) को पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी संदीप चौधरी ने बताया कि वे जिले के पादरीगंज से नैनपुर अंग्रेजी शराब ले जा रहे थे। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं, हट्टा पुलिस ने 11 मार्च को नेवरगांव खुर्द निवासी समारू उईके की बाइक चोरी के मामले की जांच की। पुलिस ने थाना क्षेत्र के मढका मढई निवासी संदेही उदयसिंह धुर्वे (32) से पूछताछ की। धुर्वे ने अपने साथी लांजी थाना क्षेत्र के धुनधुनवारधा निवासी मनीष टेकाम (25) के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों उदयसिंह धुर्वे और मनीष टेकाम को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई है।


