लोगों से साफ-सफाई से रहने, संतुलित आहार लेने की अपील:बुरहानपुर में स्वास्थ्य और पोषण शिविर; विधायक बोलीं- ऐसे आयोजन जनता के लिए सही

लोगों से साफ-सफाई से रहने, संतुलित आहार लेने की अपील:बुरहानपुर में स्वास्थ्य और पोषण शिविर; विधायक बोलीं- ऐसे आयोजन जनता के लिए सही

बुरहानपुर के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के खकनार में गुरुवार को एक निशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं पोषण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मंजू दादू ने किया। यह आयोजन खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के विशेष प्रयासों पर नया सवेरा सामाजिक संस्था, नई दिल्ली द्वारा किया गया था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित इस शिविर में विधायक मंजू दादू ने जनप्रतिनिधियों और आमजन की उपस्थिति में विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य जांच काउंटरों का निरीक्षण किया और उपस्थित चिकित्सकों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। विधायक मंजू दादू ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य व पोषण शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में सहायक होते हैं। उन्होंने बदलती जीवनशैली और पोषण की कमी से फैल रही बीमारियों का जिक्र करते हुए जागरूकता को महत्वपूर्ण बताया। विधायक ने ग्रामीणों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और संतुलित पोषण को प्राथमिकता देने की अपील की। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने ग्रामीणों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की। इसमें ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, जोड़ों का दर्द, पुरानी पीठ दर्द और ऑस्टियोपोरोसिस सहित अन्य आवश्यक परीक्षण शामिल थे। महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष पोषण परामर्श सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें कुपोषण से बचाव, संतुलित आहार और स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लिया और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों में महिला चिकित्सक डॉ. पल्लवी मंडराई, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग सोनी, डॉ. मुजफर अंसारी, डॉ. अविनाश पाटिल, डॉ. पीयूष पराशर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत पवासिया और हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. लिकन पाटीदार शामिल थे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप जाधव, जिला पंचायत सदस्य अशोक पटेल, जनपद पंचायत खकनार सदस्य गोकुल पाटील, जिला महामंत्री संजय जाधव, भाजपा नेता गजेंद्र पाटील, मंडल अध्यक्ष महेंद्र जोगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। संचालन पवन लहासे ने किया। आभार नया सवेरा सामाजिक संस्था के राजीव झा ने माना।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *