पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने जिले में एक विशेष घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (CASO) चलाया। यह अभियान मोगा के सब-डिवीजन निहाल सिंह वाला में नशा प्रभावित हॉटस्पॉट्स और अन्य संदिग्ध स्थानों पर केंद्रित था। इस अभियान में लगभग 150 पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें बनाई गईं, जिन्होंने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चेकिंग की। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों की बारीकी से तलाशी ली, साथ ही नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी। एसएसपी ने बताया कि यह कार्रवाई इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशे के खात्मे की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। SSP की अपील- नशा बेचने वालों की जानकारी दें एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके पास नशा बेचने या खरीदने संबंधी कोई भी जानकारी हो, तो वे मोगा पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 96568-96568 या सेफ पंजाब हेल्पलाइन नंबर 97791-00200 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। एसएसपी अजय गांधी ने दोहराया कि मोगा पुलिस गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह मुहिम पंजाब सरकार के नशा मुक्त समाज के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।


