पलवल जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित थानों में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पहला हादसा दुधौला-धतीर रोड पर हुआ, जहां एक निजी कंपनी के सुपरवाइजर अभिषेक कुमार (35) की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार, मृतक बिहार के किशनपुर अमखेरिया गांव का निवासी था। ट्रक ने युवक को टक्कर मारी अभिषेक के भाई अश्वनी कुमार ने शिकायत में बताया कि 24 मार्च को उन्हें कंपनी के एचआर विभाग से अभिषेक के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। कंपनी से पता चला कि एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर ने अभिषेक को टक्कर मारकर फरार हो गया था। गदपुरी थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर लौट रहे व्यक्ति को बस ने टक्कर मारी दूसरा हादसा, नेशनल हाईवे-19 पर औरंगाबाद गांव के पास हुआ, जहां खटैला गांव निवासी कुलदीप ड्यूटी खत्म कर घर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान होडल की तरफ से तेज गति से गलत दिशा में आई एक बस ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल कुलदीप के बेटे साहिल ने बताया कि हादसे में उनके पिता के पैर की हड्डी टूट गई और पसलियों में फ्रैक्चर हो गया। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुंडकटी थाना पुलिस ने अज्ञात बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


