यमुनानगर के फरकपुर थाना क्षेत्र में तड़के सुबह लूट की वारदात सामने आई है। तीन बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने सब्जी मंडी जा रहे एक व्यक्ति को रोककर उससे नकदी और मोबाइल लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को धक्का देकर फरार हो गए। पीड़ित द्वारा पुलिस को इस बारे सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर पहुंच जांच कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास के सीवीटीवी कैमरा खंगाले जा रहे हैं। पेट पर चाकू रखकर की लूटपाट वार्ड नंबर-18 निवासी बेच्चु गुप्ता ने बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करता है। सुबह करीब 3 बजे साइकिल पर सब्जी मंडी जा रहा था। जब वह दुर्गा मंदिर से भगवती के बीच पहुंचा, तभी तीन युवक बाइक पर आए और उसे रोक लिया। बताया गया है कि तीनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे और उनके पास चाकू थे। आरोपियों ने उसे रोककर पैसों की डिमांड की। मना करने पर उन्होंने चाकू पेट पर रख दिया और फिर उसे डराकर उसके पास से करीब 11 हजार 800 रुपये की नकदी और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस घटना के बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना फरकपुर में इस संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जगतार सिंह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


